हाइवे से साइन बोर्ड व बिजली तार चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना तितावी पुलिस ने हाइवे से साइन बोर्ड, विद्युत लाइन के तार तथा ट्यूबवेल से उपकरण चोरी करने वाले दो शातिर चोर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एलटी लाइन तार का बंडल एवं तीन साइन बोर्ड बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी फुगाना यतेन्द्र नागर तथा थाना अध्यक्ष तितावी पवन कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 04 फरवरी 2026 को थाना तितावी पुलिस ने शामली बॉर्डर की ओर से साल्हाखेड़ी जाने वाले रास्ते से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने थाना तितावी व थाना भौराकलां क्षेत्र में दर्ज कई चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया एलटी लाइन तार का बंडल और हाइवे से चोरी किए गए तीन साइन बोर्ड बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अकरम पुत्र असलम निवासी आर्यपुरी कॉलोनी थाना कैराना जनपद शामली तथा अलीम पुत्र गुलजार निवासी सरवट पीर नई बस्ती थाना कोतवाली जनपद शामली के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, उप निरीक्षक विकास कुमार, हेड कांस्टेबल आबिद अली एवं कांस्टेबल अमित मराठा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *