वृद्ध महिला से अभद्रता व छीना-झपटी कर कुंडल छीनने वाला अभियुक्त 12 घंटे में गिरफ्तार, भेजा गया जेल

असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 71 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ अभद्रता एवं छीना-झपटी करने वाले अभियुक्त को मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से छीना गया कान का कुंडल भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम मुथरा निवासी संसारवती (71 वर्ष) ने 3 फरवरी 2026 को थाना चरथावल में तहरीर देकर बताया कि अभियुक्त भगत सिंह पुत्र कृष्णपाल निवासी ग्राम सिरसलगढ़, थाना बिनौली, जनपद बागपत ने जंगल के रास्ते में उनके साथ जबरदस्ती छीना-झपटी की। आरोप है कि अभियुक्त ने गलत नीयत से उनका मुंह दबाकर ईख के खेत की ओर खींचने का प्रयास किया, इसी दौरान उनका एक कान का कुंडल गिर गया

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना चरथावल पर मुकदमा संख्या 13/2026 धारा 304(2)/74 बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान उप निरीक्षक नंद किशोर शर्मा एवं हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह द्वारा 4 फरवरी 2026 को चौकड़ा रोड स्थित मुर्गा फार्म हाउस के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, अभियुक्त के कब्जे से कान का कुंडल बरामद होने पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा गया, पुलिस की इस त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *