ब्रह्मा बाबा की स्मृति में शांति व श्रद्धा से सराबोर रहा दिव्य अनुभूति भवन
मुजफ्फरनगर:
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संस्थापक पिता ब्रह्मा बाबा के अव्यक्त दिवस के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, केशवपुरी मुजफ्फरनगर की ओर से बामनहेड़ी स्थित दिव्य अनुभूति भवन में 18 जनवरी को स्मृति दिवस कार्यक्रम का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाई-बहन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशवपुरी सेवा केंद्र की इंचार्ज राजयोगिनी बी.के. जयंती दीदी ने ब्रह्मा बाबा के दिव्य, तपस्वी और प्रेरणादायी जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ब्रह्मा बाबा का जन्म वर्ष 1876 में हैदराबाद (सिंध) में हुआ था। वे एक सफल व्यवसायी और आदर्श गृहस्थ थे, लेकिन ईश्वरीय प्रेरणा के पश्चात उन्होंने सांसारिक सुख-सुविधाओं, वैभव और प्रतिष्ठा का त्याग कर अपना संपूर्ण जीवन आत्मिक जागरण और विश्व कल्याण के लिए समर्पित कर दिया।

बी.के. जयंती दीदी ने कहा कि ब्रह्मा बाबा ने राजयोग के माध्यम से आत्मा और परमात्मा के शाश्वत संबंध की सहज व व्यावहारिक शिक्षा दी। उनकी शिक्षाएं आज विश्व के 140 से अधिक देशों में लाखों लोगों के जीवन में शांति, पवित्रता और सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनी हुई हैं। उनका अव्यक्त जीवन मौन शक्ति, सहनशीलता, निःस्वार्थ सेवा और ईश्वरीय अनुशासन का जीवंत उदाहरण है।

उन्होंने यह भी कहा कि ब्रह्मा बाबा का संदेश केवल आध्यात्मिक उन्नति तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके द्वारा स्थापित मूल्यों से पारिवारिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और विश्व बंधुत्व की भावना को भी मजबूती मिली। उनका संपूर्ण जीवन मानव मात्र के प्रति प्रेम, करुणा और आत्मिक सम्मान की भावना से परिपूर्ण रहा।
कार्यक्रम के दौरान वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से ब्रह्माकुमारीज की वरिष्ठ दादी निर्मल शांता जी एवं दादी प्रकाशमणि जी के प्रेरक अनुभवों को भी श्रद्धालुओं ने ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर उपस्थित सभी ब्रह्मवत्सों को जीवन में श्रेष्ठ गुण धारण करने के लिए वरदान लिखे हुए बैज प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के अंतर्गत राजयोग ध्यान का विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने गहन शांति और दिव्य अनुभूति का अनुभव किया। सभी ने ब्रह्मा बाबा द्वारा बताए गए पवित्रता, सरलता, सहनशीलता और सेवा जैसे श्रेष्ठ संस्कारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण शांति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।
कार्यक्रम में बी.के. सरला, रिया, विधि, शीतल, शालिनी, राधिका, सविता, गीता, अंजू बहन, बी.के. नवनीत, नरेश, कपिल, विजय, राजपाल सिंह, कृष्णपाल, डॉ. शैलेश, सुशील, सतीश वर्मा तथा ब्रह्माकुमारीज के जिला मीडिया प्रभारी केतन कर्णवाल सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे।
#BrahmaKumaris

