अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों की समस्याओं को लेकर विधायक पंकज मलिक को सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरनगर।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) के व्यापारियों ने विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर चरथवाल विधायक पंकज मलिक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नगर निकाय, जीएसटी, खाद्य विभाग, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए।

व्यापारियों ने बताया कि वर्तमान समय में व्यापारी वर्ग लगातार विभागीय नोटिस, निरीक्षण और कार्रवाई से परेशान है। अनावश्यक दबाव और बार-बार की जा रही जांच के चलते व्यापार संचालन प्रभावित हो रहा है, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 08 जनवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में प्रदेश भर से आए व्यापारियों ने सर्वसम्मति से अपनी समस्याएं रखीं। बैठक में निर्णय लिया गया कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार तक व्यापारियों की आवाज पहुंचाई जाए।

ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें

व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि गृहकर एवं जलकर से जुड़े अनावश्यक नोटिसों पर रोक लगाई जाए, जीएसटी विभाग द्वारा जारी किए जा रहे अस्पष्ट नोटिसों पर नियंत्रण हो, खाद्य व माप-तौल विभाग द्वारा बिना कारण की जा रही कार्रवाई बंद की जाए, व्यापारियों की आर्थिक स्थिति के अनुरूप कर प्रणाली लागू की जाए, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए तथा व्यापार से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही 19 मार्च 2026 को प्रस्तावित भारतीय नववर्ष कार्यक्रमों में प्रशासनिक सहयोग और सरकारी परिसरों में स्वदेशी उत्पादों के लिए स्थान उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।

नगर प्रभारी अंशुमन अग्रवाल का बयान

इस अवसर पर नगर प्रभारी अंशुमन अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी समाज प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन वर्तमान में व्यापारी वर्ग अनावश्यक विभागीय दबाव से परेशान है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारियों को भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण नहीं मिलेगा तो व्यापार और रोजगार दोनों प्रभावित होंगे। नगर प्रभारी ने उम्मीद जताई कि विधायक पंकज मलिक व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से शासन तक पहुंचाकर समाधान कराएंगे।

विधायक पंकज मलिक ने व्यापारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी मांगों को शासन स्तर पर उठाकर समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

ये व्यापारी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपते समय नगर प्रभारी अंशुमान अग्रवाल , अध्यक्ष जय पाल शर्मा , महामंत्री नीरज बंसल , कोषाध्यक्ष अमित राय जैन ,एडवोकेट विपिन मित्तल , प्रमोद त्यागी , विवेक गर्ग, सुभाष मित्तल , प्रवीण धीमान , डॉ पुनीत सिंघल , धारा सिंह पाल , अविरल मित्तल, मोहम्मद तारिक़ , नितिन जैन , सचिन जैन ,आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *