हिस्ट्रीशीटर को ढोल-नगाड़ों के साथ किया गया जिलाबदर, चरथावल पुलिस ने सीमांत पर छोड़ा
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना पुलिस ने उच्चाधिकारियों के आदेश पर जिलाबदर घोषित हिस्ट्रीशीटर अक्षय उर्फ़ बलवन्त को जनपदl की सीमा से बाहर निष्कासित कर दिया। ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कर सूचना सार्वजनिक की गई, जिसके पश्चात उसे जनपद शामली की सीमा पर छोड़ा गया।
मिली जानकारी के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर और थाना प्रभारी निरीक्षक चरथावल सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
चरथावल थाना पुलिस के अनुसार अभियुक्त अक्षय उर्फ़ बलवन्त ने वर्ष 2023 में 14 फरवरी को दूधली–कान्हाहेड़ी मार्ग रजवाहा पर पुलिस से ₹1 लाख 22 हजार की डकैती को अंजाम दिया था। मामले में रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को भेजी गई थी, जिसके आधार पर आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा-4 के तहत कार्रवाई करते हुए दो माह के लिए जिलाबदर किया गया।
जिलाबदर आदेश के अनुपालन में उप निरीक्षक कुलदीप परिहार व हेड कॉन्स्टेबल दिनेश की टीम ने आरोपी अक्षय उर्फ़ बलवन्त पुत्र देवेंद्र, निवासी ग्राम बिरालसी थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर थाना चरथावल का हिस्ट्रीशीटर नंबर 6-A की मुनादी कराई और बाद में उसे शामली बॉर्डर पर जिला सीमा से बाहर छोड़ दिया।
थाना चरथावल एवं थाना नई मंडी मुजफ्फरनगर पर हिस्ट्रीशीटर अक्षय के विरुद्ध आधा दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें डकैती, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत अन्य प्रकरण शामिल हैं।

