Anuj Tyagi
खतौली में अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की मांग हुई तेज, अभिषेक गोयल एडवोकेट ने उठाई आवाज
मुज़फ्फरनगर।खतौली नगर में फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। हाल ही में जी.टी. रोड स्थित गुप्ता पाइप ट्रेडर्स की दुकान में लगी भीषण आग की तत्काल सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ियां डेढ़ से दो घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं, जिस कारण दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस भारी नुकसान का मुख्य कारण खतौली में स्थायी अग्निशमन केंद्र का न होना है।
इस मुद्दे पर समाजसेवी अभिषेक गोयल एडवोकेट ने कहा कि यदि खतौली में फायर स्टेशन नजदीक होता, तो आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था और नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि खतौली में अग्निशमन केंद्र की स्थापना अब अत्यंत आवश्यक हो गई है।
अभिषेक गोयल एडवोकेट ने बताया कि वर्तमान में अग्निशमन केंद्र जानसठ और मुजफ्फरनगर में स्थित हैं, जिससे क्षेत्र में आगजनी की किसी भी घटना पर दमकलकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है और इसी देरी के कारण जान-माल का नुकसान बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि खतौली में फायर स्टेशन की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। जब भी यह मुद्दा उठाया जाता है, शासन और प्रशासन द्वारा केवल आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन अब तक अग्निशमन केंद्र के लिए जगह का चयन तक नहीं हो पाया है।
अभिषेक गोयल एडवोकेट ने कहा कि जल्द ही स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के सहयोग से अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से खतौली में फायर ब्रिगेड स्टेशन स्थापित करने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। यदि इस बार भी मांग पर सुनवाई नहीं होती है, तो इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

