सैद नगला क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल बना यादगार, पुरकाजी ने 90 रन से जीतकर खिताब किया अपने नाम

असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर:चरथावल विकासखंड के ग्राम सैद नगला में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक और यादगार रहा। फाइनल मैच देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं क्रिकेट प्रेमी मैदान पर पहुंचे। पूरे मुकाबले के दौरान दर्शकों का जोश देखते ही बन रहा था और हर चौके-छक्के पर तालियों व नारों से मैदान गूंज उठा।
फाइनल मुकाबले में पुरकाजी और खुड्डा की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरकाजी की टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 223 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुड्डा की टीम दबाव में आ गई और पूरी टीम 133 रनों पर सिमट गई। इस तरह पुरकाजी ने 90 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की।
मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कमर मुस्तफा (चुन्नू) पूर्व प्रधान एवं अमरकांत उर्फ चीकू (जिला पंचायत सदस्य) उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए।
विजेता टीम पुरकाजी के कप्तान गुल मोहम्मद को ₹31,000 नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम खुड्डा के कप्तान को ₹16,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को नशे व नकारात्मकता से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर कमर मुस्तफा (चुन्नू) ने घोषणा की कि अगले वर्ष होने वाले टूर्नामेंट में विजेता टीम को ₹51,000 तथा उपविजेता टीम को ₹25,000 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इस घोषणा से खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

