महापुरुषों के सम्मान से ही मजबूत होता है समाज: सत्येंद्र पाल

मुजफ्फरनगर।
सर्वसमाज के महापुरुषों के सम्मान और उनके विचारों को आगे बढ़ाना ही समाजवादी पार्टी की पहचान है। इसी भावना के साथ सपा शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल द्वारा लिया गया एक वर्ष का संकल्प 31 दिसंबर को पूर्ण होने पर सम्मान गोष्ठी का आयोजन किया गया।

सपा नेता सत्येंद्र पाल ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2025 में यह प्रण लिया था कि देश में सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने तथा संविधान में प्रदत्त सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। इसी संकल्प के तहत वे प्रत्येक महापुरुष की जयंती एवं पुण्यतिथि पर अपने निवास शाहपुर से साइकिल चलाकर महापुरुषों की तस्वीर को हृदय से लगाकर समाजवादी पार्टी कार्यालय, मुजफ्फरनगर तक ले जाते रहे और उन्हें श्रद्धा के साथ नमन किया। इस संकल्प के पूर्ण होने पर उन्होंने सभी सहयोगियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

महापुरुष सम्मान पीडीए विचार संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सत्येंद्र पाल ने कहा कि प्रदेश में पीडीए समाज के संवैधानिक अधिकार, आरक्षण और हिस्सेदारी दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के संकल्प के साथ वे पीडीए की आवाज को मजबूती से उठाते रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट ने सत्येंद्र पाल को उनके एक वर्ष के संकल्प को पूर्ण करने पर बधाई देते हुए कहा कि कठिन संकल्प लेना और पीडीए समाज के लिए संघर्ष करना ही समाजवादी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की असली पहचान है।

इस अवसर पर पूर्व सांसद कादिर राणा , सपा प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर व पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुलेआम कथित संगठन हथियार बांटकर समाज में भय का माहौल बना रहे हैं, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से महापुरुषों द्वारा बताए गए सौहार्द और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

गोष्ठी में जनेश्वर मिश्र, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, कर्पूरी ठाकुर, भगवान रविदास, मान्यवर कांशीराम, डॉ. राम मनोहर लोहिया, डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बुद्ध, महात्मा गांधी, चौधरी चरण सिंह, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, नेताजी मुलायम सिंह यादव, सरदार भगत सिंह, महारानी लक्ष्मीबाई सहित अनेक युगपुरुषों की तस्वीरों पर सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने नमन कर उनके जीवन, संघर्ष और विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन सपा नेता साजिद हसन ने किया।
इस अवसर पर सपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जसवीर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप, सपा प्रदेश सचिव विनय पाल, सपा महिला सभा प्रदेश सचिव अनिता कश्यप सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *