व्यापारियों ने किया संकल्प
प्रदूषण और मिलावट को करेंगे जड़ से खत्म

मुज़फ्फरनगर।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा शहर के टूलिप बैंक्वेट में एक भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल ने की, जबकि संचालन नगर प्रभारी अंशुमान अग्रवाल एवं महामंत्री नीरज बंसल ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बीते वर्ष को विदाई देने के साथ-साथ आने वाले वर्ष के स्वागत, परिवर्तन, संकल्प और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार एवं सुझाव रखे गए।

इस अवसर पर सेनेटरी संगठन द्वारा अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल में आस्था जताते हुए संगठन से जुड़ने की घोषणा की गई। संगठन के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल एवं सचिव विकास भार्गव की मौजूदगी में उनकी संस्था को संगठन से जोड़ा गया। इसके साथ ही नगर के 12 विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों ने भी अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल में अपनी आस्था जताई। अतिथि गौरव स्वरूप एवं संजय मित्तल द्वारा सभी नए सदस्यों को शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में पूर्वी स्कूल, द्वारकापुरी की नीतू मैडम के निर्देशन में स्कूल के 10 बच्चों ने प्रदूषण एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने बढ़ते प्रदूषण से हो रही हानियों को दर्शाते हुए पर्यावरण बचाने का प्रभावशाली संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम को और अधिक रंगारंग बनाते हुए नगर के प्रसिद्ध गायक मोहम्मद हाशमी ने अपने मधुर गीतों से समां बांध दिया। गीतों के माध्यम से नए साल का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे अंशुमान अग्रवाल ने बीच-बीच में व्यापारियों के लिए लकी ड्रा का भी आयोजन किया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सदैव व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहा है। उन्होंने इस मंच के माध्यम से मिलावटखोरी के खिलाफ संकल्प लेने का आह्वान किया और सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल को बधाई दी।

गौरव स्वरूप ने अपने संबोधन में व्यापारियों से अतिक्रमण अभियान में सहयोग की अपील की और कहा कि नगर में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगर पालिका सदैव व्यापारियों के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उसके सभी पदाधिकारी निस्वार्थ भाव से व्यापारियों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर में विकास कार्य तेज गति से कराए जा रहे हैं और यदि कहीं कोई कमी या त्रुटि दिखाई देती है तो संपर्क करने पर निश्चित रूप से उस पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी व्यापारियों को आने वाले वर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजेंद्र सिंघल, प्रमोद त्यागी, विशाल कालरा, जयपाल शर्मा, अंशुमान अग्रवाल, नीरज बंसल, पुनीत सिंगल, लवी, महमूद आलम, अभिषेक अग्रवाल, मोहम्मद तारीख, नवीन सिंघल, नितिन जैन, सचिन जैन, प्रवीण धीमान, अविरल मित्तल, अमजद सैफी, गिरीश वैभव मित्तल, रजत गुप्ता, विकास भार्गव, दिलीप, शहजाद राणा, राहुल मारवाड़ी, दीपक, संजय बंसल, राजीव गुप्ता, संदीप गर्ग, कामेश्वर त्यागी, अनित शर्मा, अभिषेक राणा, राजीव राठी, पुनीत बंसल, कमलकांत एडवोकेट, घनश्याम भगत, विपिन एडवोकेट, नरेश अरोड़ा, केतन कंवल, अनिल बत्रा सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

अंशुमान अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से व्यापारियों में एकजुटता बढ़ती है और समाज से मिलावट एवं प्रदूषण जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संदेश जाता है। आने वाला वर्ष व्यापार और समाज दोनों के लिए सकारात्मक परिवर्तन लेकर आए, यही सभी का संकल्प है।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *