Anuj Tyagi


मथुरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: 8 बसों और 3 कारों की टक्कर, 13 की मौत, 25 घायल

मथुरा।
जनपद मथुरा से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। बलदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 127 के पास शुक्रवार को घने कोहरे के कारण एक के बाद एक 8 बसों और 3 कारों की भीषण भिड़ंत हो गई। इस भयावह सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बस और कार के अनियंत्रित होकर टकराने के बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। टक्कर के बाद कुछ वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की भयावहता इतनी अधिक थी कि इसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और वाहनों में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है तथा उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, घना कोहरा और कम दृश्यता इस दुर्घटना का मुख्य कारण मानी जा रही है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कराया गया।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *