आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की राष्ट्रीय बैठक 28 दिसंबर को दिल्ली में, मानदेय वृद्धि व मांगों पर होगा मंथन
दिल्ली, 27 दिसंबर 2025।
ऑल इंडिया आंगनवाड़ी एंप्लॉयज फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 28 दिसंबर 2025 को दिल्ली के करोल बाग में आयोजित की जाएगी। इस राष्ट्रीय स्तर की बैठक में देशभर के सभी प्रदेशों से आए अध्यक्ष एवं पदाधिकारी भाग लेंगे।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा और कार्य परिस्थितियों को लेकर मंथन होगा, साथ ही आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।
फेडरेशन की राष्ट्रीय महासचिव सावित्री चौधरी ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मानदेय वृद्धि की मांग वर्षों से लंबित है। केंद्र सरकार के बजट 2025–26 में मानदेय कर्मियों के लिए प्रस्तावित 10 प्रतिशत वृद्धि स्वागतयोग्य है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। कई राज्यों द्वारा मानदेय बढ़ाए जाने से यह स्पष्ट है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगें न्यायसंगत और व्यवहारिक हैं।
फेडरेशन की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने, मानदेय में ठोस एवं स्थायी वृद्धि, पेंशन, ग्रेच्युटी एवं पदोन्नति की व्यवस्था, तथा फेस कैप्चर प्रणाली को तत्काल बंद किया जाना शामिल है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशीला खत्री ने भारत सरकार से अपील की है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को समय रहते पूरा किया जाए, ताकि देश की इस महत्वपूर्ण महिला श्रम शक्ति को सम्मान और सुरक्षा मिल सके।
फेडरेशन ने सभी मीडिया बंधुओं से अनुरोध किया है कि वे इस राष्ट्रीय बैठक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्रमुखता से स्थान दें।

