Anuj Tyagi


कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा: NH-48 पर ट्रक से टक्कर के बाद स्लीपर बस में लगी आग, 17 यात्रियों की दर्दनाक मौत

बेंगलुरु। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक भयावह सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हिरियूर के गोरलाथु क्रॉस के पास तेज रफ्तार ट्रक और एक निजी स्लीपर बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस देखते ही देखते आग का गोला बन गई।

हादसे के वक्त बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही थी, जिसमें कुल 29 यात्री सवार थे। आग लगने के कारण बस के अंदर फंसे 17 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज गति से सेंट्रल डिवाइडर पार कर सामने से आ रही बस से टकराया। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और यात्री संभल भी नहीं पाए। हालांकि बस चालक, कंडक्टर और कुछ यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचा ली। इस हादसे में ट्रक चालक की भी मौत की पुष्टि हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के चलते एनएच-48 पर करीब 30 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *