Anuj Tyagi
मुंबई के भांडुप में भीषण सड़क हादसा, BEST बस ने पैदल यात्रियों को कुचला
चार लोगों की मौत, नौ घायल; चालक हिरासत में
मुंबई। महानगर के भांडुप (पश्चिम) इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक BEST बस ने पीछे हटते समय सड़क किनारे खड़े और गुजर रहे पैदल यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा भांडुप स्टेशन रोड के पास हुआ, जहां देर रात भी लोगों की आवाजाही बनी रहती है। बताया जा रहा है कि बस चालक ने अचानक बस को रिवर्स किया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बस पीछे मौजूद लोगों को रौंदती चली गई। हादसा इतना भयावह था कि कुछ लोग बस के नीचे फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, दमकल विभाग और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आ रही है, हालांकि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर मामले की तह तक जाने में जुटी है।
इस दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक परिवहन बसों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की ट्रेनिंग पर सवाल उठाए हैं।
महाराष्ट्र सरकार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं BEST प्रशासन ने भी हादसे की आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं।

