चरथावल कस्बे के मुख्य मार्ग पर गड्ढों से बढ़ी परेशानी, बाइक सवार हो रहे घायल
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा चरथावल स्थित विनायक फिलिंग पम्प के पास चरथावल मुजफ्फरनगर मुख्य मार्ग पर सड़क में बने गड्ढे लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनते जा रहे हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों का शिकार हो रहे हैं, जिससे कई बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं और घायल हुए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से राहगीरों और स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
गौरतलब है कि हाल ही में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क चौड़ीकरण के दौरान इस मार्ग का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य पूरा हुए अभी अधिक समय भी नहीं बीता कि सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण न केवल बाइक और स्कूटी सवार परेशान हैं, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय कस्बेवासियों ने बताया कि रात के समय यह गड्ढे और भी खतरनाक साबित हो रहे हैं। वाहन चालकों को समय रहते गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। कई लोग गंभीर रूप से चोटिल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
कस्बेवासियों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और गड्ढों को भरकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए।

