Anuj Tyagi
श्रीनगर के नौगाम थाने में देर रात धमाका, 9 की मौत और कई घायल
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में नौगाम पुलिस स्टेशन पर शुक्रवार रात करीब 11:22 बजे जोरदार विस्फोट हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 29 लोग घायल हैं। घायलों में ज्यादातर पुलिसकर्मी बताए जा रहे हैं। सभी का इलाज 92 आर्मी बेस हॉस्पिटल और SKIMS सौरा में चल रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिस एक आतंकी मॉड्यूल से जुड़े मामले में बरामद विस्फोटकों की जांच कर रही थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या पूरा 360 किलो विस्फोटक थाने में मौजूद था या इसका कोई हिस्सा ही जांच के लिए लाया गया था।
जानकारी के मुताबिक यह विस्फोटक हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किए गए डॉ. मुजमिल गनई के किराए के मकान से बरामद हुआ था। गनई को दिल्ली ब्लास्ट केस में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच आतंकी कोण से भी शुरू
सूत्रों के अनुसार, धमाका तभी संभव है जब विस्फोटक में डेटोनेटर और फ्यूज का इस्तेमाल किया गया हो, या किसी तरह से उसे ट्रिगर किया गया हो। धमाके की आतंकी एंगल से भी जांच की जा रही है।
जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे एक समूह PAFF ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


