देश के “पुशअप मैन” रोहतास चौधरी ने रचा नया विश्व रिकॉर्ड, भारत का मान फिर ऊँचा

नई दिल्ली। भारत के गौरव रोहतास चौधरी, जिन्हें पूरी दुनिया “पुशअप मैन” के नाम से पहचानती है, ने दिल्ली के नेहरू स्टेडियम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में 847 पुश-अप्स कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले भी वे तीन बार गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुके हैं और यह उनका चौथा अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड है। इस उपलब्धि ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर भारत का परचम लहराया है।

रोहतास चौधरी ने यह सफलता “ऑपरेशन सिंदूर” के वीर जवानों को समर्पित करते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड देश की रक्षा में बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृति को श्रद्धांजलि है।

इस ऐतिहासिक क्षण के दौरान राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर भी उपस्थित रहे। उन्होंने रोहतास चौधरी को गुर्जर सम्राट मिहिर भोज का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर ने कहा:

“रोहतास चौधरी ने सिर्फ रिकॉर्ड नहीं बनाया, बल्कि यह सिद्ध किया है कि भारतीय युवा मेहनत, धैर्य और अनुशासन से विश्व पटल पर किसी भी मुकाम तक पहुँच सकता है। यह उपलब्धि सम्पूर्ण गुर्जर समाज और पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का क्षण है।”

उन्होंने कहा कि रोहतास का यह सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा, और समाज तथा देश को ऐसे युवाओं पर गर्व है।

कार्यक्रम में गुर्जर समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों व प्रशंसकों ने भाग लिया।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *