नवीन त्यागी दूसरी बार निर्विरोध बने राजकुमार जनता इंटर कॉलेज के प्रबंधक

मुज़फ्फरनगर, पुरकाजी।
राजकुमार जनता इंटर कॉलेज, फलौदा में रविवार को प्रबंध समिति का गठन सर्वसम्मति से किया गया, जिसमें नवीन त्यागी को एक बार फिर निर्विरोध प्रबंधक चुना गया। कॉलेज के प्रति उनकी सत्यनिष्ठा और समर्पण भाव ने उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी दिलाई है।

चुनाव प्रक्रिया कॉलेज परिसर में सम्पन्न हुई, जिसमें चुनाव अधिकारी के रूप में पूर्व प्रधानाचार्य सुधीर त्यागी (बरला इंटर कॉलेज) और पर्यवेक्षक संदीप कौशिक (गवर्नमेंट इंटर कॉलेज) उपस्थित रहे। प्रबंधन समिति ने सर्वसम्मति से नवीन त्यागी को प्रबंधक पद की जिम्मेदारी सौंपी।

नव-निर्वाचित प्रबंधक नवीन त्यागी ने विश्वास जताया कि वह कॉलेज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “सत्यनिष्ठा और समर्पण से किया गया कार्य न केवल लक्ष्यों की प्राप्ति में मदद करता है, बल्कि यह आत्मसंतोष और गर्व की भावना भी देता है।”

कॉलेज के प्रधानाचार्य गौरव त्यागी ने नई प्रबंध समिति की जानकारी देते हुए बताया कि समिति में डॉ. विनोद कुमार त्यागी को अध्यक्ष, विनोद कुमार को उपाध्यक्ष, हरीश कुमार को उपप्रबंधक, सौराज सिंह को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अशोक कुमार, राजीव त्यागी, प्रवीण कुमार, जसवंत त्यागी, जयइंद्र त्यागी व योगेंद्र प्रसाद को सदस्य मनोनीत किया गया है।

नवीन त्यागी ने सभी सदस्यों और कॉलेज परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सबके सहयोग से कॉलेज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *