भारत विकास परिषद मैन शाखा ने मनाया हरियाली तीज महोत्सव
सांस्कृतिक विरासत, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता का दिखा अनुपम संगम

मुजफ्फरनगर। भारत विकास परिषद मैन शाखा द्वारा हरियाली तीज महोत्सव “इन्द्रधनुष हरियाली मनोहारी तीज महोत्सव” बड़े उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। परिषद के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि ऐसे पारंपरिक त्योहार महिलाओं को सामूहिक रूप से मिलकर मनाने चाहिए, जिससे समाज में एकता, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़े। यह पर्व विशेष रूप से शिव-पार्वती के पुनर्मिलन का प्रतीक माना जाता है और श्रावण मास में इसका विशेष धार्मिक महत्व है।

कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में महिला सदस्यों ने सावन के गीतों, लोकनृत्य, लोकगीतों और ढोलक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तीज क्वीन और तीज महारानी का चयन किया गया, जिसमें निर्णायक मंडल की भूमिका सुनीता शाह और वंदना शर्मा ने निभाई। तीज क्वीन के रूप में रंजना कुशवाहा को चुना गया। इस सत्र में प्रतिभागियों ने चटपटी चाट और गोलगप्पों का आनंद भी उठाया।

द्वितीय सत्र में कपल गेम्स, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियाँ और वंदना शर्मा द्वारा संगीत आधारित रोचक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसने सभी को खूब आनंदित किया।

कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष संजय मिश्रा, संरक्षक हर्षवर्धन जैन, अशोक सिंघल, ओ.डी. शर्मा, डॉ. दीपक कुमार गर्ग, सचिव नवनीत गुप्ता, कोषाध्यक्ष नीरज सिंघल, मनीष गर्ग, विनीत गुप्ता, डॉ. बृजेश आत्रेय, ब्रजमोहन शर्मा, प्रीतवर्धन शर्मा, के.पी. राठी, आशुतोष अग्रवाल, राहुल कुशवाहा, मनोज गुप्ता, सुखवीर सिंह, मनोज गोड, आर.के. सैनी, पुरषोत्तम सिंघल, राजकुमार गुप्ता, अरुण मित्तल, वीरेंद्र कुमार, शिवम गर्ग, ब्रजभूषण गुप्ता, प्रमोद कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग सपरिवार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंजलि गर्ग ने किया और संयोजन की जिम्मेदारी सुनीता शाह व वंदना शर्मा ने निभाई। अंत में सभी महिला सदस्यों को शाखा की ओर से तीज उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष संजय मिश्रा ने सभी को तीज महोत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह आयोजन नारी सशक्तिकरण, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण रहा। उपस्थित सभी लोगों ने पारंपरिक लोक गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्वादिष्ट व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed