लाठीचार्ज के विरोध में लखनऊ में महापंचायत करेगा भाकियू तोमर: संजीव तोमर
मुजफ्फरनगर।
भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने 22 सितंबर को लखनऊ में महापंचायत कर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि यह महापंचायत मुजफ्फरनगर में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में होगी।
चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि 19 जून को किसान मंडी कोतवाली में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान मंडी कोतवाल दिनेश बघेल द्वारा किसानों पर लाठीचार्ज कराया गया, जिससे कई किसान घायल हुए थे। उन्होंने कहा कि किसानों पर लाठीचार्ज कर उनका मनोबल तोड़ने का प्रयास किया गया, जिसे किसान समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि संगठन 22 सितंबर को लखनऊ में महापंचायत कर सरकार से जवाब मांगेगा और किसानों की समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाएगा। इस महापंचायत में गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, गन्ना भुगतान 14 दिन में कराने, प्रदेश में किसान आयोग के गठन, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने और किसानों को नलकूप की बिजली मुफ्त देने जैसी मांगें प्रमुख रूप से उठाई जाएंगी।
चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि इन मांगों को लेकर पूरे प्रदेश के किसानों से संपर्क कर उन्हें महापंचायत में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों की समस्याओं पर जल्द समाधान नहीं किया तो यह आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।

