सहारनपुर। श्रावण माह के अवसर पर कांवड़ यात्रा-2025 के दृष्टिगत श्रद्धालु कांवड़ियों की सुविधा हेतु प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्ग पर 114 शिविर स्थापित किए गए हैं। इन सभी शिविरों में शुद्ध जल, भोजन, चिकित्सा तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत प्रत्येक शिविर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
पुलिस अधीक्षक यातायात, सहारनपुर के अनुसार, अन्य राज्यों से लगी सीमाओं पर संयुक्त पुलिस चौकियां स्थापित कर दी गई हैं, जो नियमित रूप से वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही हैं। डीजे वाहनों की आवाज एवं मानक के अनुरूप जांच कर उन्हें गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है, जिससे यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। प्रशासन यात्रियों को हर संभव सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

