सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर की ओर से कांवड़ यात्रा के सम्मान में आज एक अनूठा आयोजन किया गया। महापौर डॉ. अजय कुमार व नगरायुक्त शिपू गिरी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। इस दौरान नगर निगम पार्षद मयंक गर्ग, नीरज शर्मा, दिग्विजय चौहान और ज्योति अग्रवाल ने भी पुष्पवर्षा में भाग लिया।
देहरादून रोड स्थित राकेश केमिकल के निकट बने एक निजी हेलीपैड से महापौर और नगरायुक्त ने उड़ान भरकर देहरादून रोड से अंबाला रोड तक पूरे कांवड़ मार्ग पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान अमेरिका से आए वरिष्ठ पत्रकार अक्षित भी हेलीकॉप्टर में मौजूद रहे।
हेलीपैड पर पहुंचे महापौर व पार्षदों का क्षेत्रीय लोगों और शिविर संचालकों ने बुके भेंटकर स्वागत किया। बाद में पार्षदों ने भी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की और कांवड़ श्रद्धालुओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का महापर्व है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह पर्व पूरे प्रदेश में उत्साह और गरिमा से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीमें कांवड़ियों की सेवा में लगातार जुटी हैं। निगम सीमा क्षेत्र में बनाए गए शिविरों में शुद्ध जल, स्वच्छता, शौचालय, और पथ प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है। जलभराव रोकने के लिए क्यूआरटी टीमें भी सक्रिय हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए निगम प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर पार्षद मंसूर बदर व पार्षद प्रतिनिधि असद सिद्दीकी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

