सहारनपुर। कांवड़ यात्रा–2025 के सफल और सुरक्षित आयोजन के तहत श्रावण मास के प्रथम सोमवार को जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों व शिव मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर ने कांवड़ मार्ग-03 के मंगलौर रोड, देवबंद से उत्तराखंड बॉर्डर तक निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के श्री बागेश्वर महादेव मंदिर और थाना मंडी क्षेत्र के श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर का दौरा कर पुलिस प्रबंधों की समीक्षा की।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण ने थाना सरसावा क्षेत्र के श्री बनखंडी महादेव मंदिर और थाना देवबंद क्षेत्र के श्री मंकेश्वर महादेव मंदिर में जाकर जलाभिषेक व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक, नगर ने भी कोतवाली नगर व मंडी क्षेत्र के दोनों प्रमुख मंदिरों में निरीक्षण कर ड्यूटी में लगे पुलिस बल को जरूरी निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक यातायात, सहारनपुर ने बड़कला चौकी से उत्तराखंड बॉर्डर तक की सुरक्षा व्यवस्था चेक की और वहां तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर उन्हें विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और श्रावण मास के सभी सोमवारों पर सुरक्षा की अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।


