गंगा स्नान से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, महिला की मौत, डेढ़ दर्जन घायल

बुलंदशहर। गुरु पूर्णिमा पर नरौरा गंगा घाट से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई। दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब डेढ़ दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए हैं।

हादसा बुलंदशहर जिले के नरौरा थाना क्षेत्र में रतनपुर गांव के निकट नेशनल हाईवे-509 पर हुआ। जानकारी के अनुसार डिबाई क्षेत्र के गांव नयावास से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए गए थे। लौटते समय ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में करीब 20 लोग सवार थे।

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मृत महिला की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई है।

घटना की जानकारी देते हुए एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि हादसे में घायल श्रद्धालुओं का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर का अनियंत्रित होना सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *