मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारी कर रहे लगातार निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। गुरुवार शाम एसडीएम सदर निकिता शर्मा और सीओ मंडी रुपाली राव ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, जल निकासी, ट्रैफिक व्यवस्थाओं, शिविरों में बिजली, पेयजल सहित अन्य सुविधाओं की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त कर लिया जाए।

एसडीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, ऐसे में मार्ग पर किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। सीओ मंडी ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।

प्रशासन का कहना है कि सभी विभागों के अधिकारी यात्रा के दौरान फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *