गोरखनाथ बाबा की मूर्ति खंडित करने वाला तांत्रिक गिरफ्तार, कुछ ही घंटों में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

असलम त्यागी

मुज़फ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम घिस्सूखेड़ा स्थित म्हाड़ी परिसर में स्थापित गोरखनाथ बाबा की मूर्ति को खंडित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही तांत्रिक ओमपाल उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया है।

बुधवार सुबह जैसे ही घटना की जानकारी गांव में फैली, ग्रामीणों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग म्हाड़ी परिसर में एकत्र होकर धरने पर बैठ गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर एसडीएम सदर निकिता शर्मा, सीओ सदर देवव्रत वाजपेई, तहसीलदार सदर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को जल्द नई मूर्ति स्थापित कराने एवं दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।

सीओ सदर देवव्रत वाजपेई के निर्देशन में थाना प्रभारी जसवीर सिंह और कुटेसरा चौकी प्रभारी अमित कुमार ने कुछ ही घंटों में घटना का खुलासा करते हुए तांत्रिक ओमपाल उपाध्याय निवासी घिस्सूखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा सके। पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से गांव में शांति व्यवस्था कायम हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *