
सहारनपुर। कांवड़ यात्रा 2025 के सकुशल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शासन पूरी गंभीरता से जुटा हुआ है। सोमवार को मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश मनोज कुमार सिंह और डीजीपी राजीव कृष्ण ने मेरठ मंडलायुक्त सभागार में सहारनपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद मंडल सहित उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
समीक्षा बैठक में सहारनपुर से जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसएसपी आशीष तिवारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा की चुनौतियों, सुरक्षा प्रबंधों और कांवड़ियों को दी जाने वाली सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि यात्रा की सफलता शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़ियों को शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, विद्युत सुरक्षा और खानपान की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सिंचाई, लोक निर्माण और विद्युत विभाग को जरूरी मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने अपराधियों पर कड़ी निगरानी, डीजे कांवड़ की मॉनिटरिंग, भ्रामक सूचना पर कार्रवाई, व्हाट्सएप समन्वय समूह, और सीसीटीवी व सुरक्षा बलों की तैनाती जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कांवड़ियों की पहचान सुनिश्चित हो, रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन पुख्ता हो और डीजे पर फूहड़ गीत न चलें।
इस अवसर पर मेरठ मंडल आयुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद ने मंडल में की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, डीएम मेरठ वीके सिंह, एसएसपी मेरठ विपिन ताडा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य सचिव ने अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अन्य राज्यों के साथ समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाए।

