गाजीपुर। बिरनो थाना के बिहरा गांव में शनिवार की देर रात नशे में धुत दामाद ने 65 वर्षीय ससुर गुदरी राम की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन के बाद शव को लेकर थाने आई।
इस मामले में गुदरी के पुत्र मुन्ना राम ने मुहम्मदाबाद कोतवाली के बैरान गांव निवासी अपने जीजा संजय कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। घटना का कारण मामूली विवाद बताया जा रहा है।
गुदरी राम की पुत्री रेशमा की शादी मुहम्मदाबाद के बैरान गांव के संजय के साथ हुई है। रेशमा की मां की मृत्यु करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई तो वह पिता को खाना बनाने के लिए घर आकर रहने लगी।
पत्नी के ससुराल में रहने के बाद करीब पांच माह पूर्व संजय भी आ गया। यही मेहनत मजदूरी करता था। रेशमा की माने तो वह शराब का आदी था। शनिवार की रात खाना खाकर सभी लोग सो रहे थे।
इसी बीच रात के पहर संजय घर में रखा अनाज उठाकर छिपाने जाने लगा। गुदरी की नींद खुली तो वह उसे टोके, इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में तमतमाया दामाद संजय लाठी उठाकर ससुर के सिर के ऊपर चला दिया।
पिता की चीख सुनकर रेशमा पहुंची तो आरोपित भाग निकला। आनन-फानन गुदरी को निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया।
पिता की मौत के बाद रेशमा दहाड़े मारकर रोने लगी। थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।
पिता से अलग रहता है बेटा
बिहरा गांव निवासी गुदरी राम गांव स्थित सिवान में बने डेरे पर पुत्री रेशना संग रहते थे। उनका इकलौता पुत्र मुन्ना पिता से अलग रहता है। रात के पहर पिता की हत्या की जानकारी होने पर मुन्ना पहुंचा और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
खेत बेचकर पुत्री रेशमा के बेटियों की शादी किए थे गुदरी
दामाद संजय राम के नशा का आदी होने के कारण गुदरी राम उसकी दो पुत्रियों की शादी खेत बेचकर किए। इसको लेकर पुत्र मुन्ना व गुदरी में विवाद भी हुआ था, मगर बेटी की हालत को देखते हुए गुदरी राम ने अपने पुत्र की एक न सुनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *