बरेली। सिकलापुर और आजमनगर के बीच की सड़क किनारे के अतिक्रमण हटाने के दौरान गुरुवार को बुलडोजर की धमक से एक मकान की दीवार व लिंटर में दरार आ गई। इससे स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और कार्रवाई का विरोध करने लगे। निगम के साथ आए प्रवर्तन दल ने लोगों को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। मौके पर करीब 55 लोगों का अतिक्रमण साफ किए गए। सड़क के एक ओर सिकलापुर और दूसरी ओर आजमनगर का क्षेत्र लगता है। इस पर तमाम लोगों ने शौचालय, रैंप, दीवार समेत अन्य पक्का निर्माण कर लिया है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने शिकायत पर गुरुवार को निगम की टीम मौके पर भेजी। नगर निगम के एई मुकेश शाक्य, जेई विकास साहू ने अतिक्रमण हटाने के लिए सिकलापुर और आजम नगर में बुलडोजर चलाना शुुरू कर दिया। बुलडोजर से सिकलापुर और आजम नगर में सड़क के दोनों तरफ नाले पर बने निर्माण ध्वस्त किए जाने लगे। इसी बीच मोहम्मद साबिर के मकान की दीवार पर बुलडोजर लगाया तो विरोध हो गया। तभी मकान की दीवार और छत में मोटी दरार पड़ गई। लोगों ने सोचा कि मकान गिर जाएगा, इसलिए भगदड़ मच गई।
लोगों ने इकट्ठा होकर हंगामा करते हुए नगर निगम की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। बुलडोजर को रोक दिया और टीम को घेर लिया। जमकर नोकझोंक करने लगे। हंगामा कर रहे लोगों को अभियंता ने शुक्रवार को दीवार और छत बनवाने का आश्वासन दिया तो लोगों का गुस्सा शांत हुआ। जेई विकास साहू ने बताया कि 55 से अधिक लोगों के नालों के ऊपर बने अतिक्रमण को हटाया गया है। एक व्यक्ति के दीवार और मकान को नुकसान हुआ है। उसे ठीक करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *