प्रयागराज। कीडगंज थाने के एक हिस्ट्रीशीटर ने साथी संग शुक्रवार रात 25 वर्षीय अभिषेक उर्फ पवन निषाद की सरेराह बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे क्षुब्ध होकर अभिषेक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। शनिवार सुबह घटना का पता चलने पर परिवार गम और गुस्से में डूब गए। मौके पर पहुंची कीडगंज पुलिस ने कमरे की छानबीन की लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर त्वरित कार्रवाई न करने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

कीडगंज थाना क्षेत्र के पूरावल्दी मुहल्ले में रहने वाला अभिषेक निषाद लोहे के बर्तन बनाकर बेचता था। वह घर में मां पुष्पा, भाई और दो बहनों के साथ रहता था। पिता शिवकुमार की मौत हो चुकी है। मामा सुनील का कहना है कि शुक्रवार रात अभिषेक मुहल्ले में था। तभी किसी बात को लेकर कीडगंज थाने के एक हिस्ट्रीशीटर से विवाद हुआ। जिस पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथी के साथ मिलकर अभिषेक की बेरहमी से पिटाई की।
सूचना पर डायल-112 की पुलिस पहुंची और पूछताछ करके चली गई। तब परिवार वाले हिस्ट्रीशीटर के घर पहुंचकर उलाहना देने लगे। आरोप है कि यहां भी हिस्ट्रीशीटर ने गाली-गलौज करते हुए अभिषेक से मारपीट की। इससे परेशान होकर घरवाले कीडगंज थाने जाकर विपक्षियों पर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने सुबह आने की बात कहकर टाल दिया।
वापस घर जाने के बाद अभिषेक मकान के एक कमरे में सोने के लिए चला गया। शनिवार सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिवार के सदस्यों ने दरवाजा खटखटाया। खिड़की से देखा तो अभिषेक फंदे से लटका हुआ था। इससे घरवालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
इंस्पेक्टर कीडगंज संजय कुमार का कहना है कि अभिषेक शराब के नशे में मुहल्ले वालों से गाली-गलौज करता था। आत्महत्या का कारण साफ नहीं है। उधर, मृतक के मामा का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर की पिटाई से क्षुब्ध होकर उनके भांजे ने आत्मघाती कदम उठाया है। शिकायत के बावजूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की थी। विपक्षियों के खिलाफ वह मुकदमा दर्ज कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *