मेरठ। घंटाघर के कोटला में विभिन्न नामी कंपनियों की नकली घड़ियां बनाने व बेचने पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान भारी संख्या में नकली घड़ी व उनका सामान पकड़ा गया। नई दिल्ली द्वारका-19 बी निवासी गौरव तिवारी ने शनिवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा से मिलकर नकली घड़ियां बनाने व बेचने की सूचना दी। छापेमारी को सहयोग मांगा। एसएसपी ने देहली गेट थाना पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया।
इंस्पेक्टर देहलीगेट रमेश चंद शर्मा ने दारोगा सुरेश पाल सिंह व पुलिस टीम गौरव तिवारी संग भेजी। उन्होंने कोटला के निकट मेट्रो वाच सेंटर पर छापा मारा। दुकान स्वामी केसरगंज निवासी अंसार हसन ने लोगों संग पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। यहां से पुलिस ने फास्ट ट्रैक कंपनी की 137 घड़ियां, टाइटन कंपनी की 11 घड़ियां, सोनाटा कंपनी की 31 नकली घड़ियां बरामद की।
सोनाटा की 43 बाडी, सोनाटा के 422 डायल और फास्ट्रैक के 100 डायल भी बरामद किए। छापेमारी से बाजार में खलबली मच गई। बाद में नेशनल एजेंसी दुकान पर भी छापा मारा गया। यहां से फास्ट ट्रैक कंपनी की 28 चेन, सोनाटा व टाइटन कंपनी का एक-एक डायल बरामद हुआ। दुकान मालिक शाहपीर गेट निवासी मुगीश आलम को हिरासत में ले लिया गया। गौरव ने थाने में दोनों दुकानदारों के खिलाफ कापी राइट के तहत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *