अयोध्या। रामनगरी के साथ ही महानगर और आसपास के क्षेत्र में श्रीराम जन्मोत्सव की धूम रहेगी। हर्षोल्लास के साथ महानगर के मंदिरों में राम जन्मोत्सव परंपरागत रूप में मनाया जाएगा। सायंकाल सरयू तट स्थित चौधरी चरण सिंह घाट पर ढाई लाख दीप जलाये जाएंगे। इसके लिए माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों व विद्यार्थियों को तैनात किया गया है। ये शाम साढ़े छह से सात बजे के मध्य दीप प्रज्वलित करेंगे।
महानगर के प्रमुख मंदिरों में हनुमानगढ़ी नाका, रामजानकी मंदिर, फतेहगंज, रामजानकी मंदिर साहबगंज, हनुमान मंदिर साहबगंज चौराहा, सआदतगंज, फतेहगंज, रिकाबगंज व जप्ती स्थित हनुमान मंदिरों में भी भक्त हनुमानजी के आराध्य प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। नर्मदेश्वर महादेव मंदिर साहबगंज में भी रामजन्मोत्सव का आयोजन होगा।
दोपहर 12 बजे की जाएगी भोग आरती
मंदिरों में रामजन्म के समय दोपहर 12 बजे अभिजित मुुहूर्त में भगवान की भोग-आरती और भजन-कीर्तन किया जाएगा। परंपरागत रूप से रामजन्म के प्रसंग का पाठ होगा। नगर में रामजन्मोत्सव पर उत्सव का वातावरण दिखे, इसके लिए हिंदू संगठनों ने भी कमर कस रखी है।
महानगर के छोटे-बड़े सभी मंदिरों में यह उत्सव मनाया जाए और सायंकाल श्रद्धालु अपने घरों के समक्ष दीपक जला कर अपने उल्लास को प्रगट करें, इसके लिए संपर्क किया जा रहा है। प्रयास होगा कि नगर में स्थान-स्थान पर बंदनवार सजाए जाएं और उत्सव का वातावरण सृजित हो। राम जन्मोत्सव के समय पूरा महानगर घंटा-घड़ियाल-शंखध्वनि के मध्य ‘भए प्रगट कृपाला दीन दयाला’ के गायन से गुंजायमान होगा।

