आगरा। चेक रिपब्लिक से आगरा ताजमहल देखने आई युवती के साथ युवक ने अश्लील हरकत की। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। घटना तीन मार्च की दोपहर श्मशान घाट रोड पर हुई। युवती ताजमहल से आगरा किला के लिए जा रही थी।
चेक रिपब्लिक की युवती अपने ग्रुप के साथ ताजमहल देखने के लिए आई थी। तीन मार्च की दोपहर एक से दो बजे के बीच श्मशान घाट रोड के पास अज्ञात युवक ने विदेशी महिला पर्यटक के साथ अश्लील हरकत की। युवती ने शुक्रवार की रात पर्यटन थाने में मामले की शिकायत की। पुलिस ने आनन-फानन में आरोपित की तलाश शुरू कर दी।
एसीपी ताज सुरक्षा अरीब अहमद ने बताया कि पर्यटन थाने में मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही आरोपित की तलाश की गई। थाना पर्यटन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इसके आधार पर युवक को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने अपना नाम करन राठौर तुलसी चबूतरा थाना ताजगंज बताया। पुलिस की ओर से आरोपित की पीड़िता से शिनाख्त कराई गई। एसीपी ने बताया कि आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *