पंजाब के पठानकोट में 19 अगस्त 2020 को क्रिकेटर सुरेश रैना के फूफा अशोक कुमार और उनके बेटे कौशल कुमार की हत्या में शामिल एक लाख रुपये के इनामी छैमार गिरोह के सरगना असद उर्फ फाती को पुलिस ने नौ मार्च को मुठभेड़ में मार दिया था। 15 मिनट तक चली मुठभेड़ में छैमार रोह के तीन सदस्य भागने में कामयाब हो गए हैं।
औरंगाबाद के कब्रिस्तान में कराया गया दफ्न
कुख्यात असद उर्फ फाती के शव का वीडियोग्राफी पैनल से पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस की मौजूदगी में पत्नी ने सोमवार शाम को औरंगाबाद स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया था।
गिरोह के सदस्यों द्वारा असद उर्फ फाती के शव को कब्र से निकालने की आशंका जताई जा रही है। पुलिसकर्मी सादा वर्दी में रात और दिन कब्र के आसपास नजर बनाए हुए हैं। 2008 में रुड़की में छैमार गिरोह के दो सदस्य भूरा और कादर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके बाद गिरोह के सदस्यों ने कादर के शव को कब्र खोदकर निकालने का प्रयास किया था।
तीन राज्यों में पुलिस की टीमों ने डाल रखा है डेरा
पुलिस की तीन टीमें उनकी तलाश में राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश डेरा डाले हुए है। बताया जा रहा है कि फरार तीन सदस्यों में एक खाता-पीता भी शामिल था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एसपी क्राइम अवनीश मिश्र का कहना है कि छैमार गिरोह के सदस्य काफी खूंखार हैं। अजीब नाम होने से इनकी सही जानकारी नहीं हो पाती है। टीमें लगी हुई हैं। प्रयास है कि जल्द ही इनको गिरफ्तार करके जेल में भेजा जाए।

