गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की करीब छह किमी लंबी आउटर रिंग रोड जल्द बनकर तैयार होगी। इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण जल्द ही जमीन खरीदेगा। क्षेत्र में लोगों की राह आसान करने के लिए चार नई सड़कें भी बनाने की योजना है।
राजनगर एक्सटेंशन के मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण आउटर रिंग रोड बनाने की योजना को अमलीजामा पहनाने में जुटा है, जो नूरनगर में सिटी फारेस्ट के पास डी सेक्शन से शाहपुर निज मोरटा में नार्दर्न पैरिफेरल रोड को जोड़ेगी।

कब तक पूरा होगा सड़क का काम?

जीडीए वीसी अतुल वत्स ने बताया कि करीब चार किमी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया था, लेकिन बाकी दो किमी सड़क निर्माण के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अगले दस महीने में इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।

चार नई सड़कें भी बनेंगी

सड़क निर्माण के लिए अटोर में 11,903, मोरटा में 8,645, मोरटी में 23,510 और शाहपुर निज मोरटी में 15,781 वर्ग मीटर भूमि खरीदी जा रही है। इसमें गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का करीब 65 करोड़ रुपये का खर्च आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन के प्रमुख मार्गों पर आउटर रिंग रोड के अलावा जीडीए चार नई सड़कों का निर्माण भी करेगा।

इसकी योजना तैयार की जा रही है। हम तुम रोड की 24 मीटर चौड़ी, सिकरोड़ के निकट 45 मीटर चौड़ी और अन्य 18 मीटर चौड़ी सड़कें भी बनाई जाएंगी, जिनमें एक रोड बंधा रोड से नूर नगर गांव को जोड़ेगी और दूसरी रोड रिवर हाइट्स हाइराइज कांप्लेक्स के पीछे से जोड़ी जाएगी। शाहनवाज अली

मनाही के बाद भी सड़क बना रहा ठेकेदार, रुकेगा भुगतान

उधर, वार्ड संख्या-31 जी ब्लॉक में गेट नंबर नौ की आंतरिक गलियों में सड़क निर्माण का काम चल रहा है। निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब मिली तो ठेकेदार को काम न करने के लिए कहा गया।

नगर निगम निर्माण विभाग के अधिकारियों की मनाही के बाद भी ठेकेदार ने काम जारी रखा। इस पर शनिवार को नोटिस जारी कर ठेकेदार को भुगतान रोकने की चेतावनी दी गई है।

मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया कि आंतरिक गलियों में डैंस द्वारा सड़क सुधार के काम कराए जा रहे हैं। पिछले साल 14 अक्टूबर को काम के लिए वर्क आर्डर जारी किया गया।

मैसर्स प्रतीक एंटरप्राइजेज को काम का ठेका दिया गया। वर्क आर्डर जारी होने के बाद ठेकेदार ने काम की टालमटोल की और करीब पांच महीने बाद सात मार्च को काम शुरू कराया। इस दौरान निगम अधिकारियों ने काम शुरू कराने के लिए कई बार पत्र भेजे।

उन्होंने बताया कि कार्य की गुणवत्ता के लिए मानक के अनुरूप बिटुमिन मिक्स तैयार करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन ठेकेदार ने घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया और मानकों की अनदेखी की।

निर्माण विभाग से मौके पर अवर अभियंता ने ठेकेदार को मानकों के तहत सामग्री प्रयोग करने के लिए भी कहा। ठेकेदार ने बार-बार निर्देशों के बाद भी मनमाने ढंग से कार्य जारी रखा। उन्होंने बताया कि गुणवत्ता विहीन काम पर ठेकेदार का भुगतान रोका जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *