लखनऊ। एकेटीयू के बैंक खाते से 120 करोड़ की ठगी करने वाला मास्टर माइंड साइबर क्राइम टीम के सवा करोड़ की जमीन के लिए बुने गए जाल में फंस गया। पुल‍िस ने उसे गिरफ्तार कर ल‍िया है। साइबर क्राइम थाने की टीम ने उसे करीब 9 महीने बाद गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है क‍ि आरोपी वारदात के बाद दुबई भाग गया था। उसने ठगी के रुपये से कार खरीदी थी। टीम ने उसे बरामद कर लिया है। फ‍िल्‍हाल सवा करोड़ की जमीन के लिए बुने गए जाल में फंसकर जमीन की रजिस्ट्री कराने लखनऊ पहुंचे मो. चांद उर्फ सनी जानसन को बुधवार को साइबर क्राइम टीम ने दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने उगले कई राज

पूछताछ में उसने कई राज उगले है। हालांक‍ि उसके गिरोह के दो सदस्य अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। जिनके लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इंस्पेक्टर साइबर क्राइम थाना बृजेश कुमार यादव के मुताबिक, 120 करोड़ रुपये की ठगी करने का मास्टर माइंड चांद उर्फ सनी की तलाश पिछले वर्ष जून से चल रही थी।

लखनऊ में प्रॉपर्टी का कारोबार करता है आरोपी

उसके बारे में जानकारी जुटा रही साइबर क्राइम थाने की टीम को पता चला कि वह लखनऊ में प्रॉपर्टी का कारोबार करता है। जानकारी को सत्यापित करने के बाद टीम के कुछ सदस्य जमीन खरीदने के लिए उसके प्लॉटिंग साइट और कार्यालय गए। जहां जमीन के संबंध में बातचीत की। जहां से पता चला कि चांद दुबई में है, वहां से वह सिर्फ रजिस्ट्री करने ही आता है।

अन्‍य सदस्‍यों को भी क‍िया जाएगा ग‍िरफ्तार

जानकारी होने पर जमीन खरीदने की बात की। पूरा जाल बनाया गया और रजिस्ट्री के लिए मो. चांद को बुलाया गया, जैसे ही वह पहुंचा, पुल‍िस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य सदस्यों की लोकेशन की जानकारी मिली है, जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।

तीन महीने से बुन रहे थे जाल

इंस्पेक्टर के मुताबिक, चांद उर्फ सनी के कर्मचारियों ने 1.25 करोड़ रुपये की जमीन दिखाई थी। जमीन पसंद आने पर कुछ रुपये भी अग्रिम जमा किए गए। बाकी रुपये रजिस्ट्री के एक दिन पहले देने की बात तय हुई। रजिस्ट्री के लिए चांद उर्फ सनी को लखनऊ बुलाया जा रहा था। इस दौरान उससे कई बार बातचीत भी हुई।

तीन महीने से टालमटोल कर रहा था आरोपी

आपको बता दें क‍ि मो. चांद उर्फ सनी जानसन तीन माह से लगातार टालमटोल कर रहा था। जमीन की रजिस्ट्री करने के लिए लखनऊ पहुंचा। लखनऊ पहुंचते ही उसे बुधवार को दबोच लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *