हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बुधवार देर रात दोस्त के साथ मिलकर युवक ने दो मासूम चचेरी बहनों की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। चाचा व चाची पर भी जानलेवा हमला किया। दोनों की हालत गंभीर है। अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। शिक्षक पैरालाइसिस से पीड़ित हैं। एक वर्ष से बेड रेस्ट पर हैं। देर रात पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ मे गिरफ्तार कर लिया। उनके पैर में गोली लगी है।
जिला फतेहपुर के थाना जहांनाबाद के गांव इसनपुर कपालिया निवासी छोटेलाल गौतम जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज, मीतई में प्रवक्ता हैं। 2003 में नौकरी लगने के बाद छह वर्ष पहले उन्होंने शहर में आगरा रोड पर घर बना लिया था। यहां छोटेलाल, उनकी पत्नी वीरांगना देवी उर्फ गौरी, 12 वर्षीय बेटी सृष्टि और छह वर्षीय बेटी विधि रहते थे। बुधवार रात करीब नौ बजे उनके गांव का ही रिश्ते का भतीजा विकास घर आया। उसके साथ दोस्त लालूपाल भी था। बाहर वाले कमरे में छोटेलाल, विकास और लालू सोया था।
दंपती के गले पर चाकू से किए वार
भीतर आंगन में वीरांगना देवी और उनकी दोनों बेटियां सो रही थीं। वीरांगना के अनुसार रात में करीब साढ़े 12 बजे विकास व उसके साथी ने दंपती के गले पर चाकू से वार किए। उनकी चीख निकल गई। बेटियों को देखा को वे मृत पड़ी थीं। दोनों का गला चाकुओं से रेता गया था। वीरांगना ने शोर मचाया तो ऊपर से किरायेदार और आस पड़ोस के अन्य लोग एकत्रित हो गए। इससे पहले ही दोनों हमलावर भाग गए।
पुलिस ने आरोपियों को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार
पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। दंपती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया, यहां से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। बच्चियों का पोस्टमार्टम कराया गया है। दंपती के मोबाइल फोन भी आरोपी ले गए हैं। एसपी हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा का कहना है कि प्रवक्ता और उनकी पत्नी का उपचार चल रहा है। बच्चियों की मृत्यु हो गई है। दोनों हमलावरों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। देर रात पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उनके पैर में गोली लगी है।

