गोरखपुर। जेमिनी गार्डेनिया के पास इंटरलाकिंग ईंट से सर्विस रोड बनेगी। जल्द इसका निर्माण शुरू होगा। निर्माण पर 27.98 लाख रुपये खर्च होंगे। सड़क बन जाने से जेमिनी गार्डेनिया सीधे देवरिया बाईपास मार्ग से जुड़ जाएगा। इससे नागरिकों को काफी सहूलियत होगी। जेमिनी गार्डेनिया के आसपास सड़क और अन्य स्थानों पर लगातार कब्जा होता जा रहा था। आलम यह था कि सर्विस रोड दिख भी नहीं रही थी।

रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण पहुंचकर कब्जा की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद प्राधिकरण ने कब्जा खत्म कराया। इससे सर्विस लेन अस्तित्व में आ गइ्र। अब इस पर इंटरलाकिंग बिछाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निविदा की प्रक्रिया पूरी कर फर्म मेसर्स श्याम एसोसिएट्स को वर्क आर्डर भी जारी कर दिया है।

प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि 27 लाख 97 हजार 807 रुपये से काम होगा। इसमें से 23 लाख 71 हजार 23 रुपये से निर्माण होगा।

24 अप्रैल तक पूरा करना होगा काम

प्राधिकरण के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि चयनित फर्म को 10 दिन में अनुबंध की प्रक्रिया पूरा कर निर्माण शुरू करना है। 24 अप्रैल के पहले कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए अधिशासी अभियंता विवेक शर्मा, सहायक अभियंता ज्योति राय और अवर अभियंता मनीष त्रिपाठी को जिम्मेदारी दी गई है।

पेड़ों की कटान खत्म होते बढ़ जाएगी सड़क निर्माण की गति

शहर के नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए चार फाटक से लेकर असुरन चौक तक फोरलेन सड़क का निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा। इसके लिए पेड़ों की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। कौआबाग पुलिस चौकी के आस-पास कटे हुए पेड़ों की जड़ों को खोदकर निकाला जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि परियोजना के तहत ही पेड़ों की कटाई चल रही है। निर्माण की जद में आने वाले भवनों, बिजली के खंभों और तारों को हटाने के बाद काम को तेज गति से पूरा कराया जाएगा। असुरन से लेकर बीआरडी मेडिकल कालेज होते हुए भटहट तक फोरलेन सड़क बन चुकी है। असुरन चौराहे से लेकार पिपराइच तक भी सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा।

इस सड़क के बनने से कुशीनगर और देवरिया जनपदों के अलावा बिहार से मेडिकल कालेज आने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। महराजगंज जनपद सहित गुलरिहा, पिपराइच, भटहट सहित अन्य स्थानों पर रहने वाले लोग बिना जाम में फंसे टीपी नगर की ओर आ जा सकेंगे। करीब 2600 मीटर सड़क बनाने के लिए कार्यदायी संस्था ने काम शुरू करा दिया है।

सड़क के दोनों ओर रेलवे की जमीनों पर पेड़ों की कटान जारी है। कटे हुए पेड़ों की जड़ें खोदकर ठीकेदार हटवा रहे हैं। इसके बाद निर्माण की जद में आने भवनों और अन्य निर्माणों को हटाया जाएगा। इसके लिए रेलवे को भुगतान भी किया गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निर्माण के लिए जगह खाली होते ही काम की रफ्तार गति पकड़ लेगी। जून के पहले तक इसका काम पूरा करा लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *