तहसीलों में हड़कंप की स्थिति
तहसीलों में काम करने वाले बाकी कर्मचारियों को इस बात का डर है कि जब राज्य सरकार भ्रष्ट पटवारियों की सूची जारी कर सकती है तो देर-सबेर उनका नंबर भी आ सकता है।
भ्रष्ट कर्मचारियों का जवाब 15 दिन में सरकार को भेजने का आदेश
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से सभी जिला उपायुक्तों को इन भ्रष्ट पटवारियों व उनके सहायकों की नाम के साथ सूची भेजी गई है। इस सूची में पटवारियों व उनके सहायकों के नाम के साथ उनका काम करने का एरिया, जाति और गांव भी लिखा है।
किस जिले में कितने पटवारी व उनके सहायक भ्रष्ट
| जिला | पटवारी | सहायक |
| अंबाला | 05 | 03 |
| भिवानी | 10 | 04 |
| दादरी | 06 | 01 |
| फरीदाबाद | 19 | 03 |
| फतेहाबाद | 25 | 04 |
| गुरुग्राम | 27 | 26 |
| हिसार | 13 | 06 |
| झज्जर | 20 | 07 |
| जींद | 12 | 06 |
| कैथल | 46 | 07 |
| करनाल | 07 | 06 |
| कुरुक्षेत्र | 23 | 04 |
| महेंद्रगढ़ | 36 | 20 |
| नूंह | 06 | 03 |
| पलवल | 17 | 15 |
| पंचकूला | 00 | 00 |
| पानीपत | 09 | 03 |
| रेवाड़ी | 16 | 15 |
| रोहतक | 05 | 01 |
| सिरसा | 13 | 07 |
| सोनीपत | 41 | 15 |
| यमुनानगर | 14 | 14 |
| कुल | 370 | 170 |
कैथल-सोनीपत में सबसे अधिक भ्रष्टाचारी पटवारी
हरियाणा सरकार द्वारा तैयार लिस्ट के हिसाब से सबसे अधिक भ्रष्टाचार कैथल और सोनीपत जिलों में है। कैथल के 46 पटवारियों और उनके सात सहयोगियों के नाम लिस्ट में हैं। सोनीपत में 41 पटवारियों और 15 सहयोगियों के नाम हैं।
भ्रष्ट पटवारियों की पूरी कुंडली लिस्ट में शामिल
सीआईडी द्वारा फील्ड में लंबा समय लगाने के बाद भ्रष्ट पटवारियों के नाम जारी किए गए हैं। पटवारियों द्वारा रुटीन के कार्यों के लिए मांगी जाने वाली राशि का भी उल्लेख है। सहयोगियों के नाम के साथ उनकी पूरी कुंडली का जिक्र इस लिस्ट में है। कार्रवाई से स्पष्ट है कि इन पटवारियों पर कार्रवाई की गाज गिरनी तय है।
जानें अब विभाग की ओर से क्या होगी इन पर कार्रवाई
भ्रष्टाचार में संलिप्त होने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई संभव है। आरोप सिद्ध होने पर नौकरी जाने के साथ चार से 20 साल की सजा का प्रविधान है। कानूनविदों के अनुसार, भ्रष्टाचार साबित होने से पहले ऐसे लिस्ट जारी नहीं कर सकते, लेकिन विभाग पुख्ता प्रमाण का दावा कर रहा है।
अगला निशाना: रजिस्ट्री क्लर्क से लेकर तहसीलदार तक
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने संकेत दिया है कि राज्य की तहसीलों में भी सीएम सैनी की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक कराया जा सकता है। कोई तहसील और सब तहसील ऐसी होगी, जहां भ्रष्टाचार नहीं होता। अगली बड़ी कार्रवाई रजिस्ट्री क्लर्कों उसके बाद बाकी स्टाफ और फिर तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों का नंबर लगेगा।

