हिसार। प्रदेश में तेजी से मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम विज्ञानियों ने कोहरे का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही विज्ञानियों की तरफ से 18 जनवरी को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
मैदानों इलाकों में बढ़ रही ठंड के चलते शुक्रवार को हिसार के बालसमंद का न्यूनतम तापमान 5.6 तक पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना जताई है।

पूरे प्रदेश में कोहरे का अलर्ट

मौसम विज्ञानियों की तरफ से पूरे प्रदेश में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। शनिवार को प्रदेश में कोहरे का आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट तो 14 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

विज्ञानियों के अनुसार दो दिन पहले हुई वर्षा से मौसम बदला है। रात में ठंड बढ़ी है। रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मौसम विज्ञानियों की माने तो 18 को भी हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है।

ट्रक के नीचे आने से महिला व युवक की मौत

कालाअंब-साढौरा मार्ग पर शुक्रवार सुबह घने कोहरे में ट्रक ने बाइक सवार महिला व युवक को चपेट में ले लिया, दोनों की मौत हो गई। उनकी पहचान साढौरा निवासी महेंद्र सिंह व सादिकपुर निवासी सुदेश देवी के रूप में हुई।

इन जिलों में कोहरे का अलर्ट

कोहरे का अलर्ट ऑरेंज अलर्ट: कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, हिसार, जींद

येलो अलर्ट: पंचकूला, अंबाला, युमनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, सिरसा, फतेहाबाद

सिरसा में ट्रक ने स्कूल बस व ट्राले ने सेना के वाहन को मारी टक्कर

ऐलनाबाद में शुक्रवार सुबह स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी हालांकि कोई क्षति नहीं हुई। वहीं चौटाला के समीप सेना की जिप्सी में ट्राला से टक्कर हो गई। कंपनी कमांडर सहित जवान बच गए।

देर सुबह तक छाई रही धुंध, दिनभर चलती रही बर्फीली हवाएं

वहीं, चरखी दादरी में शुक्रवार को देर सुबह तक धुंध पड़ने, कोहरा छाए रहने के साथ साथ दिनभर बर्फीली हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहा। शाम को भी जल्द ही धुंधला मौसम होने लगा था। दिन की अपेक्षा सुबह, शाम व रात को ठंड का प्रकोप काफी अधिक दिखाई दिया। ठंड से बचाव के लिए नगर के दर्जनों स्थानों पर लोग अलाव जलाकर उनके पास बैठे दिखाई दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *