लखनऊ। अपना दल के कार्यकारी अध्यक्ष व प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल और उनकी साली सपा विधायक पल्लवी पटेल के बीच आरोप-प्रत्यारोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजकीय पालीटेक्निक संस्थानों में नियम विपरीत शिक्षकों को विभागाध्यक्ष बनाए जाने का आरोप लगाया गया है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से एसआइटी जांच कराने की मांग करने वाली पल्लवी पर उनकी बहन व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और जीजा आशीष ने गुरुवार को आरोप लगाए तो शुक्रवार को उन्होंने जवाब दिया। पल्लवी ने आशीष के बयान एसटीएफ में दम हो तो सीने में गोली मारकर देखें, पर कहा कि हर अपराधी को एसटीएफ से डरना चाहिए। आपको बता दें क‍ि ये सारी बातें एक प्रेस वार्ता में पल्‍लवी पटेल ने कहीं हैं।
आशीष ने पार कर दी हैं निर्लज्जता की सारी सीमाएं
उन्होंने मंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी भी की। आशीष पटेल के ‘धरना मास्टर’ बोलने पर पल्लवी ने कहा कि जिन लोगों को मुफ्त में बड़े पद मिल जाते हैं, उन्हें धरने उपहास ही लगते हैं। व‍ह बोलीं क‍ि मेरे पिता सोने लाल पटेल की फोटो के नीचे बैठकर राजनीति कर रहे हैं और उन्हीं की बेटी को अपशब्द कह रहे हैं। आशीष ने निर्लज्जता की सारी सीमाएं पार कर दी हैं।
अखिलेश यादव के विपक्ष में काफी खुश हैं पल्‍लवी पटेल
उन्‍होंने बीजेपी जॉइन करने के सवाल पर यह भी कहा कि वह समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव के विपक्ष में काफी खुश हैं। मुझे भाजपा में जाने का कोई खास शौक नहीं है। आगे जो भी फैसला होगा वो अवगत कराया जाएगा। इस पर आशीष ने कहा कि जिस तरह की भाषा का प्रयोग पल्लवी कर रहीं हैं वह ठीक नहीं है। उन्हें भाजपा ज्वाइन करना है तो कर लें लेकिन यह तरीका ठीक नहीं है।
दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा
आशीष पटेल ने ये भी कहा था क‍ि मेरी और मेरी पत्नी अनुप्रिया पटेल की संपत्ति की जांच करा लें। एक धरना मास्टर है जिसे प्रायोजित किया जाता है और धरने पर बैठा दिया जाता है। एसटीएफ के किस अधिकारी ने दो लोगों को धरने पर बैठाने के लिए भेजा है पता कर लें, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *