वाराणसी। ट्रैंकरों के पेट्रोल पंप पहुंचने से पूर्व ही उसमें भरे डीजल-पेट्रोल अलग-अलग स्थानों पर उतारे जानने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गिरोह बनाकर इस कार्य को अंजाम देने की सूचना किसी ने एडीजी पीयूष मोर्डिया को दी तो वह लोहता क्षेत्र में धमक पड़े। वहां ड्रम में कुछ पेट्रोलियम पदार्थ बरामद हुआ।
पुलिस की सूचना पर क्षेत्रीय आपूर्ति निरीक्षक पहुंचे, तो उन्हें कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके बाद पुलिस अभियान चलाई तो गणेश गुप्ता नामक एक व्यक्ति पकड़ा भी गया, जिसने स्वीकारा कि 85 रुपये डीजल खरीदकर 90 रुपये लीटर बेचता हूं।
एडीजी के ऑपरेशन के लिए निकल आने का असर रहा कि पुलिस ने देर रात तक छापेमारी की, लेकिन ज्यादा कुछ हासिल नहीं हुआ।

ऑपरेशन की किसी को नहीं लगी भनक

एडीजी शाम में पांच बजे अचानक लोहता साइट में निकल पड़े। एडीजी के साथ उनकी टीम भी पीछे-पीछे चल रही थी। यह जरूर था कि किसी काे पता नहीं था कि आखिर जाना कहां है। एडीजी की गाड़ी लोहता क्षेत्र के गोकुल ढाबा के निकट रुकी। पता चला कि वहां तेल टैंकरों के चालक डीजल और पेट्रोल बेचते हैं।

एडीसीपी सरवणन टी भी मौके पर जा पहुंचे। पुलिस टीम सक्रिय हुई तो रोहनिया थाना अंतर्गत मोहनसराय पुलिस चौकी क्षेत्र में एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान के यहां छापेमारी की, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। थाना मंडुआडीह और थाना लोहता में छापेमारी की गई तो एक जगह 10 खाली ड्रम, डीजल नापने का गेज और ड्रम काटने वाला कटर आदि बरामद हुए हैं।

रिंग रोड रज्जीपुर से दो डीजल के टैंकरों के चालकों से पेट्रोल खरीदते गणेश गुप्ता नामक व्यक्ति को पकड़ा गया है। गणेश ने बताया गया कि 85 रुपये लीटर पेट्रोल खरीदकर उससे पांच रुपये के मुनाफे पर बेचता है। एडीसीपी ने बताया कि आपूर्ति निरीक्षण की रिपोर्ट आने पर केस दर्ज किया जाएगा।

रामनगर में हटाए गए थे सीओ और इंस्पेक्टर

रामनगर में कुछ माह पूर्व छापामारी में डीजल-पेट्रोल खरीद बिक्री का कारोबार उजागर हुआ था। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मामले की जांच कराने के बाद तत्कालीन एसीपी और इंस्पेक्टर को हटा दिया था।

पुलिस ने चार शराब तस्करों को किया गिरफ्तार

वहीं चंदौली जिले में अलीनगर पुलिस ने शुक्रवार की देर रात दो जगहों से चार तस्करों को गिरफ्तार किया। भारी मात्रा में अवैध शराब भी पकड़ी गई।अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, मय एसआई वीरेंद्र कुमार, आरक्षी कृष्णा और सुजीत ओझा क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे थे।

इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महेवा गांव के समीप लंका रोड नहर पुलिया पर बिहार के रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र के रत्तू विघा डेहरी आन सोन निवासी सौरभ सुमन और जित्तू कुमार को 58 सीसी और पांच बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया।

दूसरी और लोको कालोनी स्थित हनुमान मंदिर के पास से चेकिंग के दौरान एसआई गिरीशचंद्र राय, आरक्षी पन्नालाल यादव और सुजीत ओझा की टीम ने 44 सीसी अवैध शराब के साथ बिहार के रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 डेहरी आन सोन निवासी सोनू कुमार और विशाल कुमार को दबोच लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *