जौनपुर। मुंबई बंदरगाह के पास जो नाव हादसे की शिकार हुई उस नाव के ठीक पीछे करीब 200 मीटर दूर जौनपुर दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता शिवपूजन मौर्य दूसरी नाव पर सवार थे। जब वह एलिफेंटा घूमकर चलने लगे तो उनके भाई ने कहा कि 10-15 मिनट और घूम लिया जाए। इस पर दोनों भाई वहां थोड़ी देर और घूमने लगे।
इस तरह उनको हादसे में क्षतिग्रस्त होने वाली नाव के ठीक बाद वाली नाव मिली। जिस नाव पर शिवपूजन सवार थे उस पर भी कई यात्री थे। उन्होंने घटना के बाद वाट्सएप पर मैसेज किया और फोन से मित्रों को बताया कि वह जौनपुर से मुंबई घूमने आए थे। एलिफेंटा से वापसी के समय यह दुर्घटना हुई।
आगे की दो नावों की टक्कर से इन लोगों की बोट में बैठे यात्री घबरा गए। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। नौसेना वालों के निर्देश पर अधिवक्ता व अन्य यात्रियों को लाइफ सपोर्ट जैकेट पहनाने के बाद नौका को गेटवे आफ इंडिया के लिए रवाना किया गया।
अधिवक्ता ने बताया कि जो नौका पलटी थी उसमें सवार कई लोगों की मौत उन्होंने अपनी आंखों से देखी। यह देख उनका कलेजा कांप गया।

मुंबई में नौसेना की स्पीड बोट ने मारी मोटरबोट को टक्कर, 13 की मौत

बता दें कि मुंबई में गेटवे आफ इंडिया से एलीफेंटा गुफाओं की ओर जा रही एक पैसेंजर मोटरबोट की बुचर द्वीप के पास नौसेना की स्पीड बोट से हुई टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई है। 99 लोगों को बचा लिया गया है। पांच लोगों की तलाश अभी जारी है। तीन यात्रियों की हालत गंभीर है और उनका नौसेना के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मरने वालों में नौसेना का एक जवान, स्पीड बोट पर सवार दो ओईएम और 10 नागरिक शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोटरबोट दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के स्वजन के लिए पांच-पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा की है। दुर्घटना बुधवार शाम करीब चार बजे हुई। नौसेना के वाइस एडमिरल संजय जगजीत सिंह के अनुसार, नौसेना की स्पीड बोट मरम्मत के बाद परीक्षण के लिए समुद्र में उतारी गई थी। इसी दौरान स्पीड बोट का इंजन खराब हो गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया।

तेज रफ्तार से चल रही स्पीड बोट एलीफेंटा गुफाओं की ओर जा रही नीलकमल कंपनी की मोटरबोट से सीधा टकरा गई। मोटरबोट पर लगभग 111 लोग सवार थे। जोर की टक्कर लगने के बाद मोटरबोट बीच से फट गई और डूबने लगी। आसपास खड़ी दूसरी नौकाओं ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *