ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में वीकेंड की सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ दर्शन के लिए पहुंचना शुरू हो गई। मंदिर के रास्तों में पुलिस ने बैरियर पर श्रद्धालुओं को रोकना शुरू किया, तो हालात बदतर होते चले गए। श्रद्धालुओं का दबाल लगातार बढ़ रहा था और आगे बढ़ने की अनुमति श्रद्धालुओं को इसलिए नहीं मिल रही थी कि मंदिर के अंदर ठहराव खत्म नहीं हो रहा था।
मंदिर के दर्शन का ये है समय
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर सेवायत श्रीनाथ गोस्वामी ने बताया शरद ऋतु में ठाकुर के दर्शन समय के साथ भोग राग और पोशाक में रविवार से बदलाव हो गया है। अब ठाकुरजी को हल्के गर्म कपड़े की पोशाक ही दीपावली के बाद से धारण करवाई गई है। गर्म पोशाक के साथ ठाकुरजी को भोग में सूखे मेवा की मात्रा में बढ़ोत्तरी कर दी गई है। ठाकुरजी को सर्दी से बचाव के लिए अब फूलों की माला की जगह मोदी का हार पहनाया जाएगा। फूलों से अब ठाकुरजी को दूर रखा जाएगा। मंदिर में भी फूलों की सजावट पर प्रतिबंध हो जाएगा। बांकेबिहारीजी मंदिर में दर्शन सुबह 8.45 से दोपहर 1 बजे और शाम 4.30 से रात 8.30 तक है।
लॉ कमीशन के पूर्व चेयरमैन ने लिया बांकेबिहारी का आशीर्वाद
लॉ कमीशन के पूर्व चेयरमैन एवं केंद्रीय लोकपाल सदस्य न्यायाधीश ऋतुराज अवस्थी शनिवार की शाम ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। न्यायाधीश ने आराध्य बांकेबिहारी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शनिवार की शाम पहुंचे लॉ कमीशन के पूर्व चेयमैन न्यायाधीश ऋतुराज अवस्थी ने मंदिर पहुंचकर आराध्य के दर्शन किए।
मंदिर के वीआईपी कटहरे में पहुंचे न्यायाधीश अवस्थी को मंदिर सेवायत आचार्य गोपी गोस्वामी, श्रीनाथ गोस्वामी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य पूजा-अर्चना करवाई। दर्शन व पूजा के बाद सेवायतों ने न्यायाधीश को ठाकुरजी का प्रसादी अंगवस्त्र व प्रसाद भेंट किया।

