बेहड़ा अस्सा गांव में आवारा कुत्ते का हमला, 4 वर्षीय दक्षिता घायल; दो बच्चों ने भागकर बचाई जान
रोहित त्यागी
मुजफ्फरनगर। बेहड़ा अस्सा गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दुकान से बिस्किट खरीदने जा रहे तीन मासूम बच्चों पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में 4 वर्षीय बच्ची दक्षिता सैनी घायल हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद गार्गी और रुद्राक्ष किसी तरह भागकर बचने में सफल रहे।
प्रत्यक्षदर्शी महिला के अनुसार, तीनों बच्चे दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने अचानक झपट्टा मारकर दक्षिता पर हमला कर दिया। हमले के दौरान बच्ची नाली में गिर गई। महिला ने बिना डर दिखाए तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्ची को कुत्ते से छुड़ाया और उसकी जान बचाई।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि उक्त कुत्ता काफी आक्रामक हो चुका है और इससे पहले भी कई ग्रामीणों और बच्चों पर हमले की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
मासूम बच्ची पर हुए हमले के बाद ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायत के प्रति रोष है। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में घूम रहे आक्रामक आवारा कुत्तों को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में बच्चों और ग्रामीणों के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।
घटना के बाद अभिभावकों में भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बच्चों की आवाजाही के दौरान आवारा कुत्तों का खतरा लगातार बना हुआ है।
#Muzaffarnagar #DogAttack #BehdaAssa #UPNews #RajsattaPost

