मुजफ्फरनगर मंडी में नए गुड़ की शानदार आवक शुरू, ₹2100 प्रति मन खुला भाव; व्यापारिक सत्र का हुआ आगाज
रोहित त्यगी
मुजफ्फरनगर। एशिया की प्रसिद्ध ‘गुड़ मंडी’ और ‘गुड़ की नगरी’ के रूप में पहचान रखने वाले मुजफ्फरनगर के नवीन मंडी स्थल में नए गुड़ के सत्र का शुभारंभ हो गया है। सोमवार, 21 तारीख को नवीन मंडी में नए गुड़ की पहली आवक के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों में तेजी देखने को मिली। नए गुड़ का शुरुआती भाव ₹2100 प्रति मन (40 किलो) खुला।
नए गुड़ की पहली बिक्री रजत सिंघल के यहां हुई, जिसकी शुरुआत सोनू सिंघल द्वारा की गई। शुभ मुहूर्त में नए सत्र का आगाज होने पर व्यापारी, किसान और मजदूरों में उत्साह देखने को मिला।
₹2100 प्रति मन से खुला नए गुड़ का भाव
नवीन मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि मुजफ्फरनगर को एशिया की प्रसिद्ध गुड़ मंडी के रूप में जाना जाता है। नए सत्र की शुरुआत पर गुड़ का शुरुआती भाव ₹2100 प्रति मन खुला है। उन्होंने कहा कि गुड़ का भाव बेहतर रहने से किसानों को गन्ने का भी अच्छा रेट मिलने की उम्मीद है।
संजय मिश्रा के अनुसार मंडी में अलग-अलग किस्मों और गुणवत्ता का गुड़ पहुंचना शुरू हो गया है। इनमें खुर्पा, चाकू, लड्डू, बर्फी और शक्कर समेत कई प्रकार शामिल हैं। गुणवत्ता के अनुसार सभी किस्मों के भाव अलग-अलग हैं। उन्होंने बताया कि शामली की शक्कर ₹6500 तक बिक रही है।
नए सत्र से मजदूरों को भी मिलेगा रोजगार
नए गुड़ की आवक शुरू होने के साथ ही मंडी में पिछले करीब 4-5 महीनों से काम का इंतजार कर रहे मजदूरों को भी रोजगार मिलने की उम्मीद है। गुड़ के नए सत्र के शुरू होने से किसानों, व्यापारियों और मजदूरों में खुशी का माहौल है।
मंडी में गुड़ की आवक बढ़ने के साथ ही आने वाले दिनों में व्यापारिक गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। गुड़ की खरीद-फरोख्त से जुड़े व्यापारियों और किसानों के लिए नए सत्र की शुरुआत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
व्यापारी, किसान और मजदूर रहे मौजूद
नए गुड़ के सत्र के शुभारंभ के अवसर पर नवीन मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री अंचित मित्तल, उपाध्यक्ष मनीष चौधरी, उपाध्यक्ष भारत सिंघल, कुलवंत सिंह काकण, कमरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान और मजदूर मौजूद रहे।

