राधाष्टमी पर श्यामा-श्याम मंदिर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा, उमड़ा आस्था का जनसैलाब
रोहित त्यागी
मुजफ्फरनगर। राधाष्टमी के पावन पर्व पर मुजफ्फरनगर के लक्ष्मीनगर स्थित गांधीनगर में श्री श्यामा-श्याम मंदिर से श्री राधा जी के प्रकटोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
श्री श्यामा-श्याम मंदिर से भगवान श्री राधा-कृष्ण की भव्य झांकी और रथ यात्रा निकाली गई। भगवान को स्वर्ण सिंहासन पर विराजमान कराकर श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ शोभायात्रा में भाग लिया। बैंड-बाजों और धार्मिक जयघोष के बीच शोभायात्रा गांधीनगर की विभिन्न गलियों से होकर गुजरी।
बताया गया कि यह शोभायात्रा वर्ष 1990 से लगातार आयोजित की जा रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी राधाष्टमी के अवसर पर क्षेत्र में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों-हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों द्वारा जगह-जगह स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर गुझिया, पकौड़ी, नाश्ता और कोल्ड ड्रिंक सहित विभिन्न प्रसाद व खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत करते हुए भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान गांधीनगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु भक्ति गीतों और धार्मिक जयघोष के साथ शोभायात्रा में शामिल होते रहे। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी भागीदारी की।
शोभायात्रा का समापन श्यामा-श्याम मंदिर परिसर में हुआ, जहां श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इसके अलावा राधाष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में रात 7 बजे से रात 11 बजे तक विशेष महारास कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है। मंदिर में होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बाइट- विशाल गर्ग
बाइट- पंडित हंसराज भारद्वाज, मंदिर

