मकान के सौदे में ₹ 2.30 लाख बकाया, महिला ने धमकी और बदसलूकी का लगाया आरोप, थाने में तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी 

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव निरधना निवासी सायरा ने मकान की बिक्री से जुड़े पैसों के विवाद को लेकर पुलिस से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि मकान के सौदे की पूरी रकम नहीं मिलने पर जब वह बकाया पैसे मांगने पहुंची तो उसके साथ गाली-गलौज, बदसलूकी और धक्का-मुक्की की गई। आरोप है कि उसे और उसके बच्चों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी गई।

सायरा के अनुसार उसने चरथावल स्थित अपना मकान हारून नामक व्यक्ति को 11 लाख 30 हजार रुपये में बेचने का सौदा किया था। सौदे के दौरान पांच लाख रुपये नगद दिए गए, जबकि चार लाख रुपये के दो चेक बच्चों के नाम दिए गए। महिला का कहना है कि सौदे की कुल रकम में अभी दो लाख 30 हजार रुपये बकाया हैं।

आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उसे जेल भिजवाने की धमकी दी गई। महिला के मुताबिक उसे अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। साइरा का आरोप है कि उसके समर्थन में खड़े रिश्तेदारों और मददगारों को भी झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बकाया रकम दिलाने तथा आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उसने स्वयं और अपने बच्चों की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *