चरथावल चेयरमैन मास्टर इस्लामुद्दीन का पलटवार, बोले- रंजिश में लगाए जा रहे झूठे आरोप

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

जमीन से चुनावी विवाद तक, चेयरमैन इस्लामुद्दीन ने मीडिया के सामने रखी अपनी सफाई

आरोपों पर इस्लामुद्दीन का करारा जवाब, बोले- छवि बिगाड़ने वालों के खिलाफ लेंगे कानूनी एक्शन

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल नगर पंचायत चरथावल के चेयरमैन इस्लामुद्दीन ने अपने ऊपर लगाए जा रहे विभिन्न आरोपों को लेकर मीडिया के सामने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने आरोपों को झूठा, मनगढ़ंत और तथ्यों के विपरीत बताते हुए कहा कि कुछ लोग व्यक्तिगत रंजिश के चलते उनकी सामाजिक छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। चेयरमैन ने कहा कि वास्तविक स्थिति को जनता के सामने रखना जरूरी है, ताकि लोगों को पूरे मामले की जानकारी हो सके।भूमि विवाद को लेकर इस्लामुद्दीन ने कहा कि खसरा नंबर 2703 नगर पंचायत की भूमि है। उनके अनुसार इस भूमि पर ईश्वरचंद त्यागी, सुनील कुमार और भूषण त्यागी द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की ओर से मामले में कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई। उनके मुताबिक न्यायालय के फैसले के बाद जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। चेयरमैन का कहना है कि इसी कार्रवाई के बाद विपक्षी पक्ष की ओर से उनके खिलाफ शिकायतें और आरोप लगाए जा रहे हैं।अपने चुनाव को चुनौती दिए जाने के मामले में भी चेयरमैन ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि विपक्षी पक्ष द्वारा उनके चुनाव के संबंध में वाद संख्या 6888/2024 और 421/2025 दाखिल किए गए थे। इस्लामुद्दीन के अनुसार इन मामलों को सीजेएम और जिला न्यायाधीश की अदालत से खारिज किया जा चुका है। हालांकि संबंधित मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।विजिलेंस अथवा किसी जांच एजेंसी से जुड़े मामलों पर इस्लामुद्दीन ने कहा कि यदि किसी पूर्व चेयरमैन या अधिकारी के खिलाफ जांच अथवा कार्रवाई चल रही है तो शासन और प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से उनका कोई लेना-देना नहीं है चेयरमैन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग लगातार दुष्प्रचार कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी को शिकायत करने का अधिकार है, लेकिन झूठे आरोप लगाकर किसी की प्रतिष्ठा खराब करना उचित नहीं है। इस्लामुद्दीन ने कहा कि वह मानहानि और भ्रामक प्रचार के खिलाफ न्यायालय की शरण लेंगे तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *