सुभाष हत्याकांड का खुलासा, लकड़संधा फ्लाईओवर से आरोपी बंटी उर्फ राहुल गिरफ्तार; 4 अन्य की तलाश जारी

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। शामली रोड पर पिन्ना गांव के पास हुए चर्चित सुभाष हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक नामजद आरोपी बंटी उर्फ राहुल पुत्र उधल निवासी गांव किनौनी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया।

बताया गया कि 15 सितंबर की शाम पिन्ना गांव के पास 50 वर्षीय सुभाष की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस के सामने आया कि कुछ दिन पूर्व गांव किनौनी से एक प्रेमी जोड़ा घर से चला गया था। पुलिस ने युवती को बरामद कर युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की थी। पुलिस के अनुसार, इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते युवती पक्ष के लोगों ने बदला लेने के लिए युवक के पिता सुभाष की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी बंटी उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में नामजद चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

बाइट: संजय कुमार वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), मुजफ्फरनगर

#RajsattaPost #Muzaffarnagar #CrimeNews #UPNews #MurderCase

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *