नकली दवा पैकिंग फैक्ट्री का भंडाफोड़, तहखाने से भारी मात्रा में सामग्री बरामद, एक आरोपी एजाज गिरफ्तार 
सहारनपुर जनपद में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई में यूपी एफएसडीए की टीम ने नागल थाना क्षेत्र के उमाही-कोटा गांव में एक मकान पर छापेमारी कर कथित नकली दवा पैकिंग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मकान के तहखाने में दवाओं की पैकिंग और तैयार करने से जुड़ा काम चल रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने भारी मात्रा में दवा स्ट्रिप्स, अनब्रांडेड गोलियां, प्रिंटेड कार्टन, पैकिंग सामग्री और मशीनरी बरामद की।
बताया गया कि लखनऊ के अमीनाबाद में दर्ज नकली दवा सप्लाई के मामले में बुधवार रात गिरफ्तार किए गए सहारनपुर निवासी एजाज से पूछताछ के दौरान नागल क्षेत्र का सुराग मिला था। इसी जानकारी के आधार पर एफएसडीए की टीम ने उमाही-कोटा गांव में संदिग्ध मकान को चिन्हित कर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान तहखाने से 32.555 किलोग्राम दवा स्ट्रिप्स, करीब 6.950 किलोग्राम पीली अनब्रांडेड गोलियां और 4.900 किलोग्राम सफेद अनब्रांडेड गोलियां बरामद हुईं। इसके अलावा डिफकॉर्ट-6 और रोसुवास एफ-10 के सैकड़ों प्रिंटेड कार्टन भी मिले।
मौके से एल्युमिनियम फॉयल, स्ट्रिपिंग मशीन, बैच स्टीरियो, डाई-पंच और अन्य पैकिंग उपकरण भी बरामद किए गए। एफएसडीए टीम ने सभी सामग्री को कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर इन दवाओं की पैकिंग कितने समय से की जा रही थी और तैयार माल की सप्लाई किन-किन स्थानों पर होती थी। साथ ही लखनऊ से जुड़े इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

